खेल · राष्ट्रिक्स वायर
भारतीय कप्तान पर नस्लीय टिप्पणी का आरोप, पैलेस्टाइन के खिलाड़ी ने दी सफाई
भारत के खिलाफ मैच के दौरान नस्लीय टिप्पणी और मारपीट के आरोप लगने के बाद पैलेस्टाइन के फुटबॉलर ताहा सुवेदान ने अपनी सफाई दी है।
कुआलालंपुर में खेले गए अंडर-17 एशियाई कप क्वालीफायर मुकाबले के दौरान भारत और पैलेस्टाइन के बीच मैच में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुकाबले में भारत ने पैलेस्टाइन को ४-१ से हरा दिया। हालांकि मैच के परिणाम से ज्यादा चर्चा पैलेस्टाइन के खिलाड़ियों के बर्ताव को लेकर हो रही है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने पैलेस्टाइन के खिलाड़ियों पर भारतीय कप्तान और अन्य खिलाड़ियों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने तथा मैदान पर हिंसा का गंभीर आरोप लगाया है।
मैच के दौरान भारी बारिश के कारण खेल लंबे समय तक रुका रहा था। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। लेकिन मैच के दौरान पैलेस्टाइन के खिलाड़ी ताहा सुवेदान पर एक भारतीय खिलाड़ी को लात मारने और कप्तान दलालमुआन गांगते के प्रति नस्लीय आचरण करने का आरोप लगा। इस घटना के बाद भारतीय महासंघ ने कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी पैलेस्टाइन खिलाड़ी ताहा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि इस पूरी घटना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। ताहा ने कहा कि मैच के बाद उन्होंने भारतीय कप्तान से बातचीत भी की थी और दोनों टीमों के बीच अच्छे संबंध हैं।