दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर
कनाडा में भारतीय मूल के दम्पति की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच शुरू
कनाडा के सरे में भारतीय मूल के एक दम्पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कनाडा के सरे शहर में भारतीय मूल के एक दम्पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना १५ नवंबर को हुई थी, लेकिन इसका खुलासा हाल ही में हुआ है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुखजीत कौर और गगनप्रीत रेहाल के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने रात करीब १० बजे एक सुपरमार्केट के पार्किंग क्षेत्र में दोनों को गोली से घायल अवस्था में पड़ा देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक पास के ही एक इलाके के रहने वाले थे।
कनाडा की जांच एजेंसी ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस का अनुमान है कि दम्पति की हत्या पूर्व योजना के तहत की गई थी। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और इस सिलसिले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि गगनप्रीत के खिलाफ पहले से हथियारों से जुड़ा एक मामला दर्ज था। इसके अलावा, दम्पति के शव मिलने के कुछ ही मिनटों बाद पास के इलाके में एक कार में आग लगने की घटना भी सामने आई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है।