RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

इंडोनेशियाई नौसेना ने चीन से बांग्लादेश जा रहे जहाज को पकड़ा, भारी मात्रा में रसायन जब्त

इंडोनेशियाई नौसेना ने चीन से बांग्लादेश जा रहे एक जहाज को जब्त किया है। जहाज से भारी मात्रा में मिसाइल बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और लाखों सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

इंडोनेशियाई नौसेना ने बेलावन के तटीय जल क्षेत्र से एक जहाज को जब्त किया है। 'एमवी स्टार लाइन' नाम का यह जहाज चीन से बांग्लादेश जा रहा था। इंडोनेशियाई नौसेना के निगरानी विभाग को जहाज की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर तलाशी ली गई।

पूर्वी अफ्रीका के कोमोरोस का झंडा लगे इस जहाज में कुल 36 कंटेनर थे। तलाशी के दौरान 15 कंटेनरों में लगभग 405 टन सोडियम परक्लोरेट पाया गया। यह रसायन रॉकेट और मिसाइल बनाने में ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इंडोनेशियाई नौसेना के कमांडर रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना ने बताया कि बरामद रसायन से लगभग 100 मिसाइलें बनाई जा सकती हैं। रसायन के अलावा जहाज से लाखों की संख्या में बिना पंजीकृत सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

नौसेना के अनुसार, जहाज ईंधन भरवाने के लिए बेलावन तट के पास रुका था। उस समय जहाज की गतिविधियों को देखकर नौसेना को संदेह हुआ। जब निर्धारित मार्ग से हटने का कारण पूछा गया, तो जहाज का चालक दल कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे सका। इसके बाद ही तलाशी अभियान शुरू किया गया।

जांच में पता चला है कि जहाज के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। जहाज के कागजात में समाप्ति तिथि 7 अक्टूबर 2027 लिखी होने के बावजूद, इसकी वैधता को 'स्थगित' के रूप में चिह्नित किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में रसायन और सिम कार्ड क्यों बांग्लादेश ले जाए जा रहे थे, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। इंडोनेशिया सरकार पूरे मामले की जांच कर रही है।