भारत · राष्ट्रिक्स वायर
उत्तर प्रदेश के बलिया में तेज डीजे की आवाज से बीस दिन की बच्ची की मौत
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज डीजे की आवाज के कारण दिल की धड़कन रुकने से बीस दिन की बच्ची की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने के कारण बीस दिन की एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। पुलिस और परिवार के अनुसार यह घटना मुडिय़ारी गांव में हुई।
परिजनों का आरोप है कि विसर्जन के दौरान एक ट्रक पर डीजे साउंड सिस्टम लाउड वॉल्यूम में बजाया जा रहा था जो उनके घर के सामने आकर रुका। परिवार के लोगों ने कई बार डीजे की आवाज कम करने और गाड़ी वहां से हटाने का अनुरोध किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
परिवार ने बताया कि तेज आवाज के बीच सो रही बच्ची अचानक रोने लगी और धीरे-धीरे अचेत हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस डीएसपी जय शंकर ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और डीजे उपकरण समेत वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।