खेल · राष्ट्रिक्स वायर
आईपीएल में जुड़ सकती हैं दो नई टीमें, पुणे और वडोदरा पर विचार
बीसीसीआई वर्ष 2028 से आईपीएल में बारह टीमें शामिल करने की योजना बना रहा है, जिसमें पुणे और वडोदरा के नाम चर्चा में हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आईपीएल का दायरा और बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड के सूत्रों के अनुसार वर्ष 2028 से टूर्नामेंट में कुल बारह टीमें हिस्सा ले सकती हैं। दो नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की शुरुआती योजना पर काम पूरा हो चुका है। सूत्रों का दावा है कि नई टीमों के लिए पुणे और वडोदरा शहरों की पहचान की गई है। हालांकि बोर्ड के भीतर की खबरों के अनुसार अभी तक कुछ भी अंतिम नहीं हुआ है। सब कुछ प्रायोजकों और प्रसारणकर्ताओं की रुचि तथा खिलाड़ियों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। नई फ्रेंचाइजी का न्यूनतम मूल्य एक हजार से डेढ़ हजार करोड़ रुपये तक रखा जा सकता है। अतीत में पुणे से दो फ्रेंचाइजी खेल चुकी हैं जो स्थाई नहीं रहीं। वहीं गुजरात से पहले ही एक टीम है और वहां के क्रिकेट अधिकारियों के प्रभाव के कारण राज्य एक और टीम चाहता है। आईपीएल की शुरुआत आठ टीमों से हुई थी जो बाद में बढ़कर दस हो गईं।