RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

बेटे की मौत के बाद भी जेल में ही रहीं अवामी लीग की नेता

बेटे की मौत के बाद भी अवामी लीग की नेता शर्मिन सुल्ताना को जेल से रिहा नहीं किया गया।

बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग की महिला संगठन की एक नेता को जेल के अंदर ही अपने दिव्यांग बेटे की मृत्यु की सूचना मिली। शर्मिन सुल्ताना नाम की इस नेता को जेल से रिहा नहीं किया गया। इसके बजाय उनके मृत बेटे के शव को जेल के गेट पर लाया गया। सलाखों के पीछे से ही उन्होंने अपने बच्चे के शव को देखा। गत शुक्रवार की रात उस किशोर की मृत्यु हो गई थी। शर्मिन के पति शाहदहत हुसैन मृत बच्चे को लेकर शनिवार दोपहर काशिमपुर केंद्रीय कारागार पहुंचे। जेल अधिकारियों का दावा है कि नेता को जेल से बाहर लाने पर सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसके अलावा दिसंबर तक कैदियों को पैरोल पर रिहा नहीं करने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस ने अक्टूबर में शर्मिन को गिरफ्तार किया था। उन पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। दूसरी तरफ अवामी लीग ने दावा किया है कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं पर दमन की घटना है।