मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर
जयंत मुखर्जी का निधन, अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और संगीतकार थे
दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और निर्माता-संगीतकार जयंत मुखर्जी का गुरुवार को निधन हो गया।
दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति तथा निर्माता और संगीतकार जयंत मुखर्जी का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार को अंतिम सांस ली। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलाइज के बी. एन. तिवारी ने महान गायक हेमंत कुमार के पुत्र के निधन की पुष्टि की है। परिवार और दोस्तों के बीच उन्हें प्यार से 'बाबू' कहा जाता था। उनका फिल्म और टेलीविजन जगत से गहरा नाता था। उनके निर्माण में बनी फिल्मों में वर्ष 1975 की 'मजाक' और 1979 की 'दो लड़के दोनों लड़के' शामिल हैं। इसके अलावा वह नब्बे के दशक के टीवी धारावाहिक 'तलाश' से भी जुड़े रहे थे। संगीत परिवार से ताल्लुक रखने वाले जयंत मुखर्जी ने मौसमी चटर्जी के साथ पांच दशक से अधिक का वैवाहिक जीवन बिताया था। दोनों का विवाह कम उम्र में हुआ था। इसी वर्ष एक साक्षात्कार के दौरान अभिनेत्री ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया था। उनके निधन पर सिनेमा और संगीत जगत में शोक की लहर है।