RASHTRIX 24X7 NEWS

कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर

काली पूजा पर प्रतिबंधों का उल्लंघन, कोलकाता में 592 लोग गिरफ्तार

काली पूजा की रात नियम तोड़कर पटाखे फोड़ने और हुड़दंग करने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने 592 लोगों को गिरफ्तार किया है।

कोलकाता पुलिस ने काली पूजा की रात नियमों की अवहेलना कर प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने और हुड़दंग मचाने के आरोप में कुल 592 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 205 लोगों को प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने के आरोप में और 387 लोगों को अभद्र आचरण के आरोप में पकड़ा गया है।

वायु प्रदूषण को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए थे। दिशानिर्देशों के अनुसार रात 8 बजे से 10 बजे के बीच ही पटाखे फोड़ने की अनुमति थी और तेज आवाज वाले पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध था। इसके बावजूद शहर के कई हिस्सों में नियमों की अनदेखी की गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस अभियान के दौरान शहरभर से लगभग 238.6 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और पर्यावरण नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।