दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर
यूक्रेनी हमले में केर्च पुल क्षतिग्रस्त, यातायात रोका गया
यूक्रेन के ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण रूस का केर्च पुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके बाद यातायात रोक दिया गया है।
रूस और यूक्रेन के संघर्ष के बीच मॉस्को को बड़ा झटका लगा है। यूक्रेनी सेना के हमले में रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाला केर्च पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस पुल को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए बेहद खास माना जाता है।
रूसी रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेन ने सोमवार रातभर केर्च पुल और उसके आसपास के इलाकों में लगातार हमले किए। वहां एक के बाद एक कई ड्रोन और मिसाइलें दागी गईं। इन ताबड़तोड़ हमलों के कारण पुल का एक हिस्सा टूटकर पानी में गिर गया। इसके तुरंत बाद पुल पर आवाजाही बंद कर दी गई।
रूसी अधिकारियों ने हमले की बात स्वीकार कर ली है। स्थिति की समीक्षा के लिए देश के उपप्रधानमंत्री ने एक आपात बैठक बुलाई है। क्षतिग्रस्त पुल की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।