कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
काली पूजा की रात कोलकाता में 341 गिरफ्तार, रायगंज में मुठभेड़ में आरोपी ढेर
काली पूजा की रात कोलकाता में 341 लोग गिरफ्तार किए गए, जबकि रायगंज में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई।
काली पूजा की रात प्रतिबंध के बावजूद पटाखे फोड़ने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने 341 लोगों को गिरफ्तार किया और 131 किलोग्राम आतिशबाजी जब्त की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात साढ़े आठ बजे तक पटाखे फोड़ने के आरोप में 95 लोगों को और अभद्र व्यवहार के आरोप में 246 लोगों को गिरफ्तार किया गया, साथ ही छह लीटर शराब भी जब्त की गई।
एक अन्य घटना में, रायगंज में एक नाबालिग लड़की के बलात्कार और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी दिलीप राय पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने बताया कि तड़के सूचना मिली थी कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस ने जब वहां अभियान चलाया, तो आरोपी ने गोली चला दी। पुलिस ने आत्मररक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिससे आरोपी घायल हो गया। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका साइकिल लेकर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी, जिसके बाद उसका शव जंगल से बरामद हुआ था। परिवार की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट, सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
इसके अलावा, गरिया इलाके में एक युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी प्रेमिका और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। शनिवार रात पटाखे खरीदकर लौटने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद कथित तौर पर युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया।