RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

कोलकाता पुलिस ने न्यू मार्केट होटल अग्निकांड मामले में चार्जशीट की दाखिल

कोलकाता पुलिस ने न्यू मार्केट के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।

कोलकाता पुलिस के विशेष जांच दल ने न्यू मार्केट क्षेत्र के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में गुरुवार को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। लालबाजार के जांचकर्ताओं ने बैंकशाला अदालत में यह चार्जशीट पेश की। गत १९ अगस्त की तड़के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल की तीसरी मंजिल पर आग लग गई थी। इस दुर्घटना में एक बच्चे और सात बांग्लादेशी नागरिकों सहित कुल नौ लोगों की मौत हो गई थी। घटना के नब्बे दिनों के भीतर ही पुलिस ने लगभग साढ़े तीन सौ पृष्ठों की यह चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें नब्बे गवाहों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट शामिल हैं। आरोपियों की सूची में होटल के मूल मालिक बीरेश्वर मित्र तथा इसे लीज पर लेने वाले आबू जफर और उनकी पत्नी साबा जफर के नाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या और आपराधिक साजिश सहित कई अन्य धाराएं लगाई गई हैं। जांच में सामने आया है कि आवासीय इमारत को बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से होटल में बदला गया था। नियमों की अनदेखी कर कमरों में कई एसी लगाए गए थे, जिसके कारण बिजली के ओवरलोड होने से आग फैल गई।