कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
दार्जिलिंग में भीषण ट्रैफिक जाम, कोलकाता पुलिस कर रही समीक्षा
दार्जिलिंग में लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस का एक विशेष दल चार दिवसीय सर्वेक्षण कर रहा है।
पहाड़ी इलाके में पर्यटकों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग पहुंचने में छह से सात घंटे का समय लग रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए दार्जिलिंग जिला पुलिस ने कोलकाता ट्रैफिक पुलिस से मदद मांगी है। कोलकाता पुलिस का पांच सदस्यीय विशेषज्ञ दल गुरुवार से चार दिनों के सर्वेक्षण पर है। इस दल में एक पुलिस उपायुक्त, तीन निरीक्षक और एक सार्जेंट शामिल हैं। यह दल दार्जिलिंग, कूर्शियांग, सोनादा और जोरबंग्लो के व्यस्त इलाकों का निरीक्षण कर रहा है। वे सड़क की स्थिति, पार्किंग और यातायात सुरक्षा की समीक्षा कर रहे हैं। दार्जिलिंग के पुलिस अधीक्षक वाई. श्रीकांत जगन्नाथराव ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोलकाता पुलिस की मदद ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, कूर्शियांग और दार्जिलिंग के बीच वैकल्पिक सड़कों की कमी के कारण हिल कार्ट रोड पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। घूम से आगे भारी जाम की स्थिति बनती है। यह दल पहाड़ी भूगोल के अनुकूल व्यावहारिक उपाय सुझाएगा।