RASHTRIX 24X7 NEWS

कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर

बालबाल विवाह रोकने के लिए कोलकाता पुलिस सख्त, पुरोहितों पर भी होगी कानूनी कार्रवाई

कोलकाता पुलिस ने बाल विवाह के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए इसमें शामिल पुरोहितों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

शहर में बाल विवाह रोकने के लिए कोलकाता पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई पुरोहित नाबालिगों के विवाह में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी भी हो सकती है। शुक्रवार को लालबाजार में अपराध नियंत्रण को लेकर हुई बैठक में कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने सभी थानों के प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए।

लालबाजार के सूत्रों के अनुसार, शहर के प्रत्येक थाने के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के विभिन्न धर्मों के पुरोहितों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें बाल विवाह से जुड़े कानूनों और इसके कानूनी परिणामों के बारे में समझाने को कहा गया है। इसके अलावा, जिन इलाकों में बाल विवाह की घटनाएं अधिक होती हैं, वहां निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बीट अधिकारियों को स्थानीय लोगों के साथ नियमित बैठकें करने और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।

बैठक के दौरान शहर में बढ़ रहे साइबर धोखाधड़ी के मामलों पर भी चिंता जताई गई। पुलिस कमिश्नर ने ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने के वास्ते अधिक से अधिक बीट बैठकें करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, शहर में चोरी और अन्य अपराधों के मामलों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को अपराध के तौर-तरीकों का विश्लेषण कर उन्हें नियंत्रित करने के उपाय करने को कहा गया।