पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
कोलकाता में जल संकट दो दिन और रहेगा, वैकल्पिक पाइपलाइन का काम जारी
कोलकाता नगर निगम ने कहा है कि मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था में समय लगने के कारण जलापूर्ति शुक्रवार तक ही सामान्य हो पाएगी।
सोमवार को ताला टैंक की मुख्य पाइपलाइन फटने के कारण उत्तर और मध्य कोलकाता के कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। कोलकाता नगर निगम के अनुसार शुक्रवार दोपहर तक ही स्थिति सामान्य होने की संभावना है। ब् बुधवार सुबह पलटा से आने वाली मुख्य पाइपलाइन को पूरी तरह बंद कर दिया गया। ताला ब्रिज के पास क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करने के लिए एक वैकल्पिक पाइपलाइन जोड़ने का काम शुरू किया गया है। निगम के इंजीनियरों का कहना है कि जलभराव के कारण मुख्य क्षति का सटीक अनुमान लगाने में परेशानी आ रही है। वैकल्पिक व्यवस्था पूरी होने के बाद ही मुख्य पाइप की मरम्मत का काम शुरू हो सकेगा।
इस समस्या के चलते बुधवार सुबह से बेलगाछिया, बागबाजार और आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। निगम ने बताया कि यह संकट गुरुवार को भी जारी रह सकता है।
संकट से निपटने के लिए प्रभावित इलाकों और अस्पतालों में पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों ने कम पानी मिलने और हेल्पलाइन पर फोन न उठने की शिकायत की है। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि त्योहार की छुट्टी और पार्षदों की अनुपस्थिति के कारण राहत कार्यों में कुछ कठिनाई आ रही है।