RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

कर्सियांग के विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ

भाजपा और तृणमूल कांग्रेस का सफर तय करने के बाद कर्सियांग के विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली है।

भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस का सफर तय करने के बाद कर्सियांग के विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा ने अब कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को कोलकाता स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली।विष्णु प्रसाद शर्मा एक समय में पहाड़ी क्षेत्र में भाजपा के जाने-माने चेहरे थे। उन्होंने वर्ष २०२१ के विधानसभा चुनाव में कर्सियांग सीट से जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में पार्टी नेतृत्व के साथ उनके मतभेद हो गए, विशेषकर गोरखालैंड की मांग को लेकर भाजपा के रुख से उनकी असहमति थी। इसके बाद उन्होंने दार्जिलिंग निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव भी लड़ा था।हालिया विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का रुख किया था। तृणमूल में शामिल होने के करीब नौ महीने के भीतर ही उनका मोहभंग हो गया और उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस का झंडा थाम लिया।इस मिलन समारोह के दौरान एआईसीसी पर्यवेक्षक प्रकाश जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार और दार्जिलिंग के कांग्रेस उम्मीदवार मुनीश तमांग उपस्थित रहे।कांग्रेस में शामिल होने के बाद विष्णु प्रसाद ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में जितना भी विकास हुआ है, वह कांग्रेस के कार्यकाल में ही हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने केवल वादे किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी की नीतियों और आदर्शों में विश्वास जताते हुए यह कदम उठाया है।