RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, आत्मसमर्पण से किया था इनकार

कुलगाम में सीआरपीएफ कैंप पर हमले के मुख्य आरोपी लतीफ भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद मुठभेड़ में वह मारा गया।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों के एक अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट मारा गया। बुधवार सुबह कुलगाम के जांगलगाम गांव की एक मस्जिद के भीतर से उसका शव बरामद किया गया। यह आतंकवादी 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले का मुख्य साजिशकर्ता था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने लतीफ की पहचान की थी, जिसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार को लतीफ का साथी निसार डार सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था, लेकिन लतीफ वहां से भागने में सफल रहा था।

बुधवार तड़के खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने लतीफ को घेर लिया। सेना ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। वीडियो कॉल के जरिए सुरक्षा अधिकारियों ने उससे हथियार डालने की अपील की, लेकिन उसने इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। लतीफ ने कहा कि वह लड़ते हुए मरना चाहता है। इसके बाद संयुक्त बलों ने मस्जिद के भीतर आंसू गैस के गोले छोड़े। मस्जिद के अंदर से गोलीबारी होने पर सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें लतीफ की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि लतीफ घाटी में लश्कर का स्थानीय कमांडर था और कई आतंकी हमलों में शामिल था। 25 वर्षीय इस आतंकवादी पर प्रशासन ने 15 लाख रुपये का इनाम रखा था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लतीफ की मौत से घाटी में लश्कर को बड़ा झटका लगा है।