RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव, 18 नवंबर तक चक्रवात की आशंका

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदल सकता है, जिससे दक्षिण बंगाल में बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रणाली 18 नवंबर तक चक्रवात में बदल सकती है। इस संभावित चक्रवात का नाम 'अकवान' हो सकता है, हालांकि इसके मार्ग और अंतिम तीव्रता के बारे में अभी कोई निश्चित जानकारी नहीं है।

13 नवंबर की सुबह के आंकड़ों के अनुसार, यह सिस्टम दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में स्थित है। समुद्र का तापमान और वायुमंडलीय स्थितियां इस निम्न दबाव को और अधिक शक्तिशाली बनाने में मदद कर रही हैं। पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों में यह धीरे-धीरे गहरे निम्न दबाव और फिर चक्रवात का रूप ले सकता है।

चक्रवात किस दिशा में आगे बढ़ेगा, इसे लेकर अभी स्पष्टता नहीं है। मौसम विज्ञानी रवींद्र गोयनका ने बताया कि इसकी गति म्यांमार के पास उच्च दबाव वाले क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ जैसे कारकों पर निर्भर करेगी। प्रारंभिक अवलोकनों में ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों को संभावित लैंडफॉल क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों पर भी इसके प्रभाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

इस सिस्टम के कारण 18 नवंबर के बाद से दक्षिण बंगाल में बारिश होने का अनुमान है। कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 से 22 नवंबर के बीच ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों में मौसम बदलने की आशंका है। इसके अलावा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।