RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

महाराष्ट्र में पिता पर दो बेटों को नहर में फेंकने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने दो बेटों को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में एक व्यक्ति पर अपने दो मासूम बेटों को नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी की पहचान पैठण निवासी सोमनाथ दामोदर रोडगे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्चों की उम्र पांच और सात साल थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दोनों बच्चों को कुछ खाने की चीजें दिलाने का झांसा दिया और उन्हें स्कूटर पर बैठाकर एक नहर के पास ले गया। वहां पहुंचने के बाद उसने बच्चों को नहर में फेंकने की बात कही, जिससे डरकर वे जोर-जोर से रोने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। आरोप है कि स्थानीय लोगों को रोकने के लिए आरोपी ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

देखते ही देखते आरोपी ने दोनों बच्चों को बारी-बारी से नहर में धकेल दिया और स्कूटर लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हालांकि इस घटना के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।