RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

नदिया के कालीगंज में रिश्ते के विवाद को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या

नदिया के कालीगंज में एक रिश्ते को लेकर बुलाई गई पंचायत के दौरान हुई मारपीट में युवती के भाई की मौत हो गई।

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कालीगंज में परिवारिक विवाद के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक युवती का अपने चचेरे भाई के साथ प्रेम संबंध था। परिवार के विरोध के बाद युवती की शादी कहीं और तय कर दी गई थी, लेकिन वे दोनों बाद में भाग गए थे। कुछ दिन पहले उनके वापस लौटने पर परिवार में फिर से कलह शुरू हो गई। इस विवाद को सुलझाने के लिए गुरुवार रात एक पंचायत बुलाई गई थी। बैठक के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान युवक के माता-पिता ने युवती के भाई की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कृष्णानगर जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।