भारत · राष्ट्रिक्स वायर
रसगुल्ला समझकर काटा, बम फटने से युवक की मौत
मध्य प्रदेश के डिंडोरी में दोस्त द्वारा दिए गए कथित रसगुल्ले में छिपा बम फटने से एक युवक की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में दोस्त द्वारा रसगुल्ला बताकर दिए गए जंगली सुअर मारने वाले बम के फटने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार रात पाडरिया छांता गांव में हुई। पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजेंद्र नामक युवक रात में अपने दोस्तों के साथ आग ताप रहा था। उसी दौरान रामभगत नाम के एक दोस्त ने उसे खाने के लिए रसगुल्ला दिया। राजेंद्र ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर काटा, जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे खून से लथपथ हालत में डिंडोरी जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी रामभगत ने रसगुल्ला बताकर विस्फोटक देने की बात कबूल कर ली है। उसने बताया कि एक किशोर ने उसे वह बम दिया था। पुलिस ने उस किशोर को भी हिरासत में ले लिया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने ऐसा क्यों किया। पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण से यह घटना हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास यह खतरनाक विस्फोटक कहां से आया था।