भारत · राष्ट्रिक्स वायर
ओडिशा में भूख से बेहाल युवक ने खाया मरे हुए कुत्ते का मांस, पुलिस ने हिरासत में लिया
ओडिशा के संबलपुर में अत्यधिक भूख के कारण मरे हुए कुत्ते का मांस खाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
ओडिशा के संबलपुर जिले में भूख से बेहाल एक युवक द्वारा मरे हुए कुत्ते का मांस खाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना संबलपुर के मानेश्वर इलाके की है। आरोपी युवक एक बेघर व्यक्ति है और ठीक से बोल भी नहीं सकता है। शुक्रवार को वह खाने की तलाश में इलाके के एक होटल में गया था। वहां खाना नहीं मिलने पर वह लौट आया और सड़क पर पड़े एक मरे हुए कुत्ते का मांस और अंतड़ियां खाने लगा।स्थानीय लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो वे दंग रह गए। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जबकि कुछ ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन तेज भूख के कारण वह नहीं रुका। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और मौके से मरे हुए कुत्ते के अवशेष भी बरामद कर लिए हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवक की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों का कहना है कि सामान्य मानसिक स्थिति वाला व्यक्ति ऐसा कदम नहीं उठा सकता।