RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

पाकिस्तान की प्रांत विभाजन योजना के खिलाफ कराची में प्रदर्शन, स्वतंत्र देश की मांग

पाकिस्तान की प्रांत विभाजन नीति के विरोध में कराची में हजारों लोग उतरे और स्वतंत्र सिंध की मांग उठाई।

पाकिस्तान के चार प्रांतों को छोटे प्रशासनिक हिस्सों में बांटने की योजना के विरोध में मंगलवार को कराची और सिंध के अन्य शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। सेना प्रमुख आसिम मुनीर और संघीय सरकार की इस नीति के खिलाफ स्थानीय लोगों और राजनीतिक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है।

विश्लेषकों के अनुसार, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में जारी विद्रोह से निपटने के लिए देश के चारों प्रमुख प्रांतों को विभाजित कर बारह से पंद्रह नए प्रशासनिक क्षेत्र बनाने पर विचार चल रहा है। इस योजना के तहत कराची को सिंध से अलग करने और वर्ष के अंत तक जनमत संग्रह कराने की चर्चा है।

इस संभावित विभाजन के खिलाफ सिंध के विभिन्न राष्ट्रवादी संगठन सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस कदम का उद्देश्य क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों और राजनीतिक प्रभाव को कमजोर करना है। आंदोलनकारियों ने पंजाब के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी दी और पाकिस्तान से अलग होकर स्वतंत्र सिंध के गठन के नारे लगाए।

सिंध की प्रांतीय सरकार ने भी इस विभाजन का विरोध किया है। प्रांतीय विधानसभा ने इस प्रस्ताव के खिलाफ सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है। मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की ऐतिहासिक अखंडता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, हालांकि शहबाज शरीफ सरकार या सेना ने इस पर अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।