RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

सिक्किम सीमा के पास दिखा रहस्यमयी विमान, भारतीय क्षेत्र में चक्कर लगाने का आरोप

बीते १२ नवंबर को सिक्किम में भारत-चीन सीमा के पास एक रहस्यमयी विमान के भारतीय आकाश में करीब २५ मिनट तक चक्कर काटने का मामला सामने आया है।

सिक्किम में भारत-चीन सीमा के पास १२ नवंबर को एक रहस्यमयी विमान देखे जाने की खबर सामने आई है। आरोप है कि यह विमान चीन की तरफ से आया था और भारतीय सीमा के भीतर करीब २० से २५ मिनट तक चक्कर काटता रहा।

सेना सूत्रों के अनुसार, यह घटना १२ नवंबर को सुबह करीब आठ बजे की है जब सिक्किम सीमा पर लगभग २५ हजार की ऊंचाई पर यह विमान उड़ रहा था। भारतीय वायुसेना द्वारा सतर्क किए जाने के बावजूद विमान वहां से तुरंत नहीं हटा और करीब २५ मिनट बाद नजर आना बंद हो गया।

यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या यह विमान जासूसी के लिए चीन का सैन्य विमान था या नहीं। वायुसेना की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। डोकलाम विवाद और तनाव के माहौल के बीच इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है।

उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र के पास ही रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण चिकन नेक कॉरिडोर स्थित है। उस क्षेत्र की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आधुनिक हथियार तैनात किए जा रहे हैं और सेना की तैयारियां बढ़ाई जा रही हैं।