RASHTRIX 24X7 NEWS

जीवनशैली · राष्ट्रिक्स वायर

मधुमेह के इलाज में नई दवाएं, हफ्ते में सिर्फ एक बार लेनी होगी इंसुलिन

विशेषज्ञों ने मधुमेह के इलाज में आई नई दवाओं, साप्ताहिक इंसुलिन और पुरानी दवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला है।

वरिष्ठ मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत चंद के अनुसार, मधुमेह के उपचार में कई आधुनिक दवाएं और हफ्ते में एक बार इंसुलिन लेने की व्यवस्था आई है। एसजीएलटी-टू इनहिबिटर जैसे डैपाग्लिफ्लोजिन और एम्पाग्लिफ्लोजिन रक्त शर्करा को कम करने के साथ दिल और गुर्दे की सुरक्षा करते हैं। इन दवाओं का उपयोग मधुमेह न होने पर भी कुछ खास हृदय या किडनी के रोगियों के लिए किया जाता है। इनसे शुगर बहुत कम होने का खतरा कम रहता है और वजन घटाने में भी मदद मिलती है। इसके अलावा ओबेसिटी और शुगर नियंत्रण के लिए सेमाग्लूटाइड, लिराग्लूटाइड और डुलाग््लूटाइड जैसी दवाएं उपयोग में लाई जाती हैं। ये फैटी लीवर और वजन कम करने में भी असरदार हैं। लिराग्लूटाइड रोजाना और सेमाग्लूटाइड या डुलाग््लूटाइड हफ्ते में एक बार ली जाती है। टिरजेपाटाइड नामक नई दवा में दो हार्मोनों का मिश्रण होता है, जो शुगर और वजन पर बेहतर असर डालता है। हालांकि सेमाग्लूटाइड की तुलना में इसकी लंबी अवधि की रिसर्च अभी जारी है। हफ्ते में एक बार लगने वाली इंसुलिन उन मरीजों के लिए विकल्प है जिन्हें रोज लंबे असर वाली इंसुलिन की जरूरत होती है। लेकिन जिन्हें दिन में कई बार इंसुलिन चाहिए या टाइप वन डायबिटीज है, उनके लिए यह अकेली काफी नहीं है। नई दवाएं महंगी होने के कारण मेटफॉर्मिन और ग्लिमेपिराइड जैसी पुरानी दवाओं का महत्व आज भी बना हुआ है। मरीज की शारीरिक स्थिति और आर्थिक क्षमता के आधार पर ही डॉक्टर दवा तय करते हैं।