RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

पागल मस्जिद के दानपात्र से मिले 18 करोड़ रुपये और प्रेम पत्र

बांग्लादेश की एक मस्जिद के दानपात्र से 18 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और भक्तों की मनोकामनाएं लिखे कई पत्र बरामद हुए हैं।

बांग्लादेश के किशोरगंज स्थित ऐतिहासिक पागल मस्जिद के दानपात्र खोले जाने पर भारी मात्रा में नकदी मिली है। लगभग पांच महीने बाद खोले गए इन दानपात्रों से 18 करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद की गई है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और विदेशी मुद्रा भी मिली है। नकदी गिनने के लिए लगभग 51 बोरियों का इस्तेमाल किया गया।

धन के साथ-साथ दानपात्रों से भक्तों द्वारा लिखे गए कई पर्चे भी मिले हैं, जिनमें ईश्वर से विभिन्न मनोकामनाएं मांगी गई हैं। कुछ लोगों ने विदेश यात्रा सुरक्षित होने की प्रार्थना की है, तो किसी ने बीमारी से मुक्ति की गुहार लगाई है। एक व्यक्ति ने ससुराल पक्ष के कारण हुए आर्थिक नुकसान के न्याय की मांग की है। एक महिला ने सुंदर बनाए जाने की प्रार्थना की है।

इन सबके बीच एक पर्चा सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका का जिक्र करते हुए लिखा है कि ईश्वर उस महिला के दिल में उसके लिए जगह बना दे। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोगों का विश्वास है कि इस मस्जिद में मन्नत मांगने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं, जिसके चलते दूर-दूर से लोग यहां दान देने आते हैं। हाल के दिनों में दानपात्रों में इस तरह की पर्चियां डालकर प्रार्थना भेजने का चलन काफी बढ़ गया है।