खेल · राष्ट्रिक्स वायर
परस म्हाम्ब्रे बने पंजाब किंग्स के नए गेंदबाजी कोच
भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच परस म्हाम्ब्रे ने मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर पंजाब किंग्स का दामन थाम लिया है।
भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच परस म्हाम्ब्रे आगामी आईपीएल सीजन के लिए पंजाब किंग्स के गेंदबाजी कोच बन गए हैं। जेम्स होप्स के जाने के बाद खाली हुए इस पद पर म्हाम्ब्रे को नियुक्त किया गया है। वह मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के सहायक के रूप में काम करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उनका अनुबंध तय हो गया है।
म्हाम्ब्रे ने 2022 से 2024 तक राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। 2024 का टी20 विश्व कप जीतने के बाद वह मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ से जुड़े थे। खिलाड़ी के रूप में वह 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में मुंबई की टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।
बाईस साल से कोचिंग कर रहे म्हाम्ब्रे ने अपने करियर में भारत की अंडर-19 टीम के अलावा बंगाल, बड़ौदा, महाराष्ट्र और विदर्भ जैसी कई घरेलू टीमों को भी प्रशिक्षित किया है। पंजाब की टीम आगामी टूर्नामेंट में उनके लंबे अनुभव का लाभ उठाना चाहेगी।