कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
अफ्रीका जाने से बचने के लिए विमान में दी धमकी, सोदपुर का यात्री गिरफ्तार
ऑफिस के काम से अफ्रीका जाने से बचने के लिए एक यात्री ने विमान के शौचालय में अपहरण की धमकी भरा नोट छोड़ दिया था।
कोलकाता हवाई अड्डे से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान के शौचालय में अपहरण की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह जब विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी यह मामला सामने आया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से पायलट को सूचना मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन के अधिकारियों ने विमान में सवार सभी 105 यात्रियों के हस्तलेखन के नमूने लिए। जांच के दौरान, नोट पर लिखी लिखावट का मिलान होने पर 55 वर्षीय पार्थप्रतिम नंदी को हिरासत में लिया गया। सोदपुर निवासी आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपी ने बताया कि उसका दफ्तर उसे जबरन अफ्रीका भेज रहा था, जिस पर वह नहीं जाना चाहता था। उसने सोचा कि यदि विमान में अपहरण की धमकी दी जाएगी, तो उड़ान रद्द कर दी जाएगी और उसे विदेश नहीं जाना पड़ेगा। इसी योजना के तहत उसने अपने वॉलेट में रखे कागज पर अंग्रेजी के ब्लॉक अक्षरों में धमकी लिखी और उसे शौचालय में छोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।