RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

प्यू रिसर्च के अध्ययन में सामने आए देश की जनसंख्या वृद्धि से जुड़े आंकड़े

प्यू रिसर्च सेंटर के अध्ययन के मुताबिक, अगले पांच दशकों में देश में जनसंख्या वृद्धि के मामले में मुस्लिम समुदाय का अनुपात बढ़ सकता है।

विभिन्न समुदायों में जन्म दर घटने के बावजूद, आगामी पांच दशकों में देश में मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर अन्य समुदायों से आगे रह सकती है। यह बात प्यू रिसर्च सेंटर के एक अध्ययन में सामने आई है।

अध्ययन के अनुसार, स्वतंत्र भारत की पहली जनगणना यानी १९५१ में देश में मुस्लिम आबादी ९.८ प्रतिशत थी, जो २०२१ तक बढ़कर १४.२ प्रतिशत हो गई। प्यू रिसर्च का अनुमान है कि २०२० तक यह आंकड़ा १५ प्रतिशत को पार कर गया था, जिससे कुल संख्या लगभग २१.३ करोड़ थी। इसके अलावा, २०७० तक भारत की मुस्लिम आबादी बढ़कर करीब ३३.४ करोड़ हो सकती है, जो कुल आबादी का लगभग २० प्रतिशत होगी।

दूसरी ओर, २०२० में देश में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब ७९ प्रतिशत थी। वर्ष २०७० तक यह अनुपात घटकर लगभग ७६ प्रतिशत रह सकता है, हालांकि इस अवधि के दौरान हिंदुओं की संख्या में १७.५ करोड़ की बढ़ोतरी का अनुमान भी जताया गया है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि इन दोनों समुदायों की वृद्धि दरों में अंतर का मुख्य कारण जन्म दर और विवाह की औसत आयु में भिन्नता है। १९९२-९३ की तुलना में दोनों समुदायों में जन्म दर घटी है। मुस्लिम महिलाओं में जन्म दर १९९२-९३ के ४.४ से घटकर २.३६ हो गई है, जबकि हिंदू महिलाओं में यह ३.१ से घटकर १.९४ दर्ज की गई। अध्ययन में यह भी माना गया है कि आने वाले समय में दोनों समुदायों की जन्म दर का अंतर और कम हो जाएगा।

वैश्विक स्तर पर, अध्ययन में बताया गया है कि इस्लाम अन्य धर्मों की तुलना में तेजी से बढ़ रहा है और २०३५ तक यह दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है।