पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
पुलिस प्रशासन को लेकर विवाद, रितब्रत और ममता समर्थकों में तकरार
कालना थाने के वीडियो को लेकर राज्य पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए रितब्रत गुट और ममता समर्थकों के बीच टकराव तेज हो गया है।
पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर फर्जी हलफनामा तैयार करने के आरोपों को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में कालना थाने का एक वीडियो सामने लाते हुए अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि विरोधियों ने पुलिस की मदद से यह फर्जीवाड़ा किया है। इस घटना के बाद रितब्रत बनर्जी के गुर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका दावा है कि राज्य पुलिस के कई कर्मी अब भी एक खास नेता के प्रति निष्ठावान हैं और सरकार से ऐसे कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।
दूसरी ओर, ममता बनर्जी के समर्थक गुट ने कड़ा पलटवार किया है। विधायक कुणाल घोष ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मांग की कि विवादित वीडियो में दिख रहे पुलिस अधिकारियों के उस समय के मोबाइल टावर लोकेशन और थाने के सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक किया जाए। उनका कहना है कि पुलिस भले ही इस वीडियो को कृत्रिम बुद्धिमत्ता से निर्मित बता रही हो, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने से सारी सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।
कुणाल घोष ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य घटना से ध्यान भटकाने के लिए ही अभिषेक बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि जांच के नाम पर मामले को लंबा खींचने की योजना बनाई जा रही है। उनके अनुसार विरोधी गुट को पर्याप्त समर्थन नहीं मिल रहा है, इसलिए पुलिस का सहारा लेकर जबरन हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं।