RASHTRIX 24X7 NEWS

कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर

कॉलेज स्ट्रीट में वामपंथी बुक स्टॉल पर पुलिस की रोक, सड़क पर बैठे छात्र

कॉलेज स्ट्रीट में वामपंथी छात्र संगठन के बुक फेयर को पुलिस ने रोका, कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

मंगलवार को कॉलेज स्ट्रीट में वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई द्वारा आयोजित एक 'मिनी बुक फेयर' को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। यह कार्यक्रम त्योहारी सीजन के दौरान वामपंथी और प्रगतिशील साहित्य के स्टालों पर हुए हमलों के विरोध में आयोजित किया गया था। वामपंथी विचारधारा के लोग अपनी बात रखने के लिए किताबों का सहारा ले रहे थे।

आयोजकों का आरोप है कि पुलिस से पूर्व अनुमति लेने के बावजूद उन्हें स्टाल लगाने से रोका गया। इस घटना को लेकर पुलिस और एसएफआई के राज्य सचिव देबांजन दे सहित अन्य छात्रों के बीच बहस हुई। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

घटनास्थल से पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें प्रिजन वैन में बैठाकर ले गई। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में छात्र सड़क पर ही किताबें सजाकर बैठ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से किताब प्रदर्शनी करने का अधिकार है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत बयान नहीं आया है। फिलहाल कॉलेज स्ट्रीट इलाके में स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।