RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

शांतिनिकेतन में आरोपी को पकड़ने गए पुलिसकर्मी को मारी गोली

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में एक आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना शुक्रवार शाम शांतिनिकेतन के लाइक बाजार इलाके में घटी। घायल पुलिसकर्मी का नाम विश्वजीत दास है। उनके बाएं पैर में गोली लगी है और गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शांतिनिकेतन थाने के कांस्टेबल विश्वजीत दास शुक्रवार शाम लाइक बाजार में एक आरोपी को दबोचने गए थे। उसी समय आरोपी ने अचानक उन पर गोली चला दी। शाम के समय बाजार में भीड़भाड़ होने के कारण इस घटना से लोगों में अफरातफरी मच गई।

घायल विश्वजीत दास को तुरंत बोलपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक आरोपी के नाम या उसे पकड़ने जाने के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।