दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर
रावलपिंडी में अपने घर में मृत पाई गईं लोकप्रिय पाकिस्तानी न्यूज़ एंकर, पति गिरफ्तार
पाकिस्तान के रावलपिंडी में अपने घर में लोकप्रिय न्यूज़ एंकर राबिया अहसन की गोली लगने से मौत हो गई, और पुलिस ने उनके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पाकिस्तान के रावलपिंडी में अपने आवास पर गोली लगने से लोकप्रिय न्यूज़ एंकर राबिया अहसन की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। इक्यालीस वर्षीय एंकर '92 न्यूज़' चैनल से जुड़ी थीं और कई लोकप्रिय कार्यक्रमों की मेजबानी करती थीं। रविवार को गुलशनबाद इलाके में उनके बेडरूम से उनका गोलियों से छलनी शव बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांचकर्ताओं ने मृतका के पति अहसन ताहिर खान से पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। हालांकि, उसने दावा किया कि पिस्तौल से खेलते समय गलती से गोली चल गई और उसे नहीं पता था कि हथियार में गोली लोड थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दंपति के घरेलू सहायकों ने भी ऐसा ही दावा किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। अधिकारियों ने सभी पहलुओं की गहन जांच का आश्वासन दिया है। इस घटना से पाकिस्तानी पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।