कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
हावड़ा में तृणमूल सांसद प्रसूण बनर्जी के खिलाफ लगे 'लापता' और 'निष्क्रिय' के पोस्टर
समाजवादी पार्टी ने हावड़ा में तृणमूल सांसद प्रसूण बनर्जी के खिलाफ 'लापता' और 'निष्क्रिय' लिखे पोस्टर लगाकर उनके इस्तीफे की मांग की है।
हावड़ा सदर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद प्रसूण बनर्जी के खिलाफ हावड़ा के विभिन्न इलाकों में पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक हलचल मच गई है। बुधवार सुबह हावड़ा मैदान, हावड़ा अदालत परिसर और बली इलाके में सांसद को 'लापता' और 'निष्क्रिय' बताने वाले पोस्टर देखे गए। समाजवादी पार्टी की ओर से ये पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें सांसद से इस्तीफे की मांग की गई है।
इन पोस्टरों में प्रसूण बनर्जी को सबसे निष्क्रिय सांसद बताते हुए तुरंत इस्तीफा देने की मांग की गई है। अन्य पोस्टरों में यह भी लिखा गया है कि सांसद तमाम सरकारी सुख-सुविधाएं ले रहे हैं लेकिन आम जनता को वंचित रख रहे हैं। हाल ही में एक स्मरण सभा में उनके राजनीति छोड़ने की बात कहने का हवाला देते हुए पोस्टर में सवाल उठाया गया है कि वह अपने पद पर क्यों बने हुए हैं।
समाजवादी पार्टी के राज्य अध्यक्ष श्रीकांत घोष ने पुष्टि की कि उनकी पार्टी ने ही हावड़ा जिले में ये पोस्टर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सांसद ने राजनीति छोड़ दी है, तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इस मामले में सांसद प्रसूण बनर्जी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।