RASHTRIX 24X7 NEWS

कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर

प्रैट मेमोरियल स्कूल ने पूरे किए डेढ़ सौ वर्ष, राज्यपाल ने समारोह में लिया भाग

कोलकाता के प्रैट मेमोरियल स्कूल ने डेढ़ सौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। विद्यालय के विशेष समारोह में राज्यपाल ने शिरकत की और छात्राओं को संदेश दिया।

कोलकाता के प्राचीन शिक्षण संस्थानों में शामिल प्रैट मेमोरियल स्कूल का डेढ़ सौ साल पूरा होने पर विशेष उत्सव आयोजित किया गया। इस विद्यालय की स्थापना अठारह सौ छिहत्तर में हुई थी। यह संस्थान अपनी परंपरा और शिक्षा के लिए जाना जाता है। राज्यपाल आर एन रवि ने इस वर्षगांठ समारोह का उद्घाटन किया।

समारोह में पहुंचे राज्यपाल ने विद्यार्थियों को एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों को बड़े सपने देखने, अनुशासित रहने और हर कठिनाई को सीखने का अवसर मानने की सलाह दी। इस कार्यक्रम में कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अपूर्व सिंह रॉय और कवि जॉय गोस्वामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य और संगीत के साथ उनकी कविताओं की प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा अपनी इस उपलब्धि को खास बनाने के लिए छात्राओं ने विज्ञान और रोबोटिक्स के मॉडल, गृह विज्ञान की परियोजनाएं और पुष्प प्रदर्शनी भी लगाई। विद्यालय में आए अभिभावकों की सुविधा के लिए बड़े पर्दे की व्यवस्था की गई थी।