RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

योगराज सिंह की टिप्पणी पर भड़के पृथ्वी शॉ, दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

योगराज सिंह द्वारा की गई टिप्पणियों के बाद क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह की हालिया टिप्पणी के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। योगराज ने हाल ही में पृथ्वी के निजी जीवन और करियर को लेकर बयान दिया था, जिसमें उन्होंने पृथ्वी की तुलना पूर्व क्रिकेटर विनोद kambli से की थी। योगराज का दावा था कि पार्टियों और खराब जीवनशैली के कारण दोनों खिलाड़ियों का करियर प्रभावित हुआ है।

योगराज की इस टिप्पणी का कड़ा विरोध करते हुए पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया। पृथ्वी ने लिखा कि उनका अतीत उनके जीवन का हिस्सा है और उन्होंने इसे कभी छिपाने की कोशिश नहीं की, लेकिन किसी को भी उनके नाम या निजी जीवन को लेकर गलत बातें फैलाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के विवादों के जरिए कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं।

इसे अपनी आखिरी चेतावनी बताते हुए पृथ्वी ने स्पष्ट किया कि उनके पास अपने सम्मान और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए और वे अपने बचाव के लिए कानूनी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।