RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

लंदन के भारतीय रेस्तरां के बाहर प्रदर्शन, हलाल भोजन न बेचने का था मामला

पश्चिम लंदन में एक भारतीय रेस्तरां द्वारा हलाल भोजन न बेचने की घोषणा के बाद प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया।

पश्चिम लंदन के एक भारतीय रेस्तरां द्वारा हलाल भोजन न बेचने की घोषणा के बाद वहां भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। रेस्तरां के बाहर सैकड़ों मुस्लिम प्रदर्शनकारी जमा हो गए और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

हैमरस्मिथ इलाके के इस रेस्तरां के मालिक हरमन सिंह कपूर ने अपने दरवाजे पर एक संदेश लगाया था जिसमें लिखा था कि वे हलाल भोजन नहीं बेचते हैं। आलोचकों का आरोप है कि हरमन ने सोशल मीडिया पर मुसलमानों, हलाल मांस और गाजा संघर्ष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रेस्तरां के बहिष्कार का आह्वान किया।

दूसरी ओर, हरमन ने दावा किया कि हलाल मांस बेचने से इनकार करने के कारण उन्हें और उनके परिवार को कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। प्रदर्शन शुरू होने से कुछ घंटे पहले पुलिस ने हरमन को उनके पश्चिम लंदन स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। माना जा रहा है कि यह गिरफ्तारी उनकी सोशल मीडिया टिप्पणियों के कारण हुई है।

पति की अनुपस्थिति में हरमन की पत्नी ने रेस्तरां की खिड़की पर एक तख्ती दिखाई जिस पर लिखा था कि अभिनेता जॉन क्लीज़ इस रेस्तरां का समर्थन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने फिलिस्तानी झंडे के साथ नारे लगाए और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।