दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर
क्वेटा-कराची हाईवे पर धमाका, बलूच विद्रोहियों ने उड़ाया पुल
बलूच विद्रोहियों के शक्तिशाली विस्फोट से क्वेटा-कराची हाईवे का एक पुल उड़ गया, जिससे दोनों शहरों का संपर्क टूट गया है।
बलूच विद्रोहियों के हमले से पाकिस्तान एक बार फिर दहल उठा है। क्वेटा-कराची हाईवे पर हुए एक भीषण विस्फोट में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पुल उड़ गया है। इस घटना के बाद दोनों शहरों के बीच सड़क मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
यह हमला मस्तुंग जिले के खादकोचा इलाके में किया गया। यह हाईवे बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा को पाकिस्तान के सबसे बड़े वाणिज्यिक केंद्र कराची से जोड़ता है। पुल के नष्ट होने से दोनों शहरों के बीच माल ढुलाई को लेकर बड़ी चिंता पैदा हो गई है। सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के साथ-साथ विद्रोही अब आर्थिक रूप से अहम ठिकानों को भी निशाना बना रहे हैं।
बलूच लिबरेशन आर्मी लंबे समय से पाकिस्तानी शासन के खिलाफ संघर्ष कर रही है। विद्रोहियों ने बीते ग्यारह अगस्त को स्वतंत्रता की घोषणा की थी। उनका दावा है कि प्रांत के बड़े हिस्से पर उनका नियंत्रण है। चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के निर्माण के बाद से बलूचिस्तान में अशांति और बढ़ गई है। खनिज समृद्ध इस प्रांत में प्रशासन पर लूट के आरोप लगे हैं, जिसके विरोध में वहां स्वतंत्रता की लड़ाई जारी है।