RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

डिलिमिटेशन पर राहुल ने मोदी को घेरा, बंगाल में वोट चोरी का किया दावा

डिलिमिटेशन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि बंगाल में सौ से अधिक सीटों पर धांधली हुई है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने डिलिमिटेशन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के जरिए जनमत को बदलने की कोशिश की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी धोखाधड़ी के आरोपों से बचने के लिए इस रास्ते को चुना गया है।

दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में चुनावी धांधली के जरिए सरकार बनाई है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि बंगाल में सौ से अधिक सीटों पर धांधली की गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश के चुनावी मानचित्र में बदलाव कर देश को तानाशाही की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है।

केंद्र के इस डिलिमिटेशन बिल को लेकर विपक्षी खेमे के भीतर भी मतभेद सामने आए हैं। इंडी गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट ने पहले ही इस विधेयक का समर्थन करने की घोषणा कर दी है। गठबंधन की एकता पर पड़ने वाले प्रभाव के सवाल पर राहुल ने दावा किया कि अधिकांश दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं और गठबंधन पूरी तरह एकजुट है।