RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयान पर विवाद, बीजेपी का हमला

अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में भारत की वैश्विक स्थिति पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है।

अमेरिका के दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिकागो विश्वविद्यालय में एक भाषण के दौरान दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत हाशिए पर चला गया है, जबकि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान जैसे देशों के साथ महत्वपूर्ण चर्चाओं में व्यस्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भू-राजनीति में दोस्ती का कोई महत्व नहीं होता है। अमेरिकी धरती पर उन्होंने 2014 और 2024 के लोकसभा चुनावों में वोट चुराए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया। राहुल का दावा था कि सबूत होने के बावजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दबाव के कारण वह उस समय इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कह सके थे।

राहुल के इस बयान की बीजेपी ने कड़ी आलोचना की है। भगवा खेमे ने उन्हें पाकिस्तान का 'फैनबॉय' और चीयरलीडर करार दिया है। बीजेपी प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति के बारे में राहुल की अज्ञानता झलकती है और वह पाकिस्तान का प्रचार कर रहे हैं। एक अन्य प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी सवाल उठाया कि राहुल विदेश जाते ही पाकिस्तान को लेकर क्यों परेशान होने लगते हैं।