RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

दक्षिण बंगाल में बारिश का दौर जारी, जल्द गिरेगा पारा

दक्षिण बंगाल में बारिश का सिलसिला अभी कुछ और दिन जारी रहेगा, हालांकि सप्ताह के अंत तक तापमान में गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार मन्नार की खाड़ी से उठा चक्रवाती परिसंचरण अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ने के कारण दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और नदिया जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम कार्यालय ने बताया कि गुरुवार को भी कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। हालांकि शुक्रवार से दक्षिण बंगाल के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क होने की उम्मीद है। सप्ताह के अंत तक आसमान साफ हो जाएगा और अगले दो से तीन दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

रात के तापमान में थोड़ी कमी आने से हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है और सुबह के समय कोहरा भी छा सकता है। हालांकि, बार-बार हो रही बारिश के कारण सर्दी के पूरी तरह आने में अभी और समय लग सकता है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल तापमान में भारी गिरावट की कोई संभावना नहीं है।