मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर
खुद को बताया बिहार का ब्रैड पिट, करण जौहर के शो में बोले रवि किशन
करण जौहर के शो में अभिनेता और सांसद रवि किशन ने खुद को बिहार का ब्रैड पिट बताया।
राजनीति और मनोरंजन जगत में अपने बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले रवि किशन हाल ही में अक्षय कुमार के साथ 'कॉफी विद करण' के नौवें सीजन में नजर आए। शो के दौरान अभिनेता और सांसद ने खुद को 'बिहार का ब्रैड पिट' बताया। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से खुद को इस नाम से संबोधित करते आ रहे हैं।
शो के दौरान करण जौहर ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें अंदाजा था कि यह उपनाम इतना लोकप्रिय हो जाएगा। इसके जवाब में रवि ने कहा कि जीवन में कई झटके झेलने के बाद उन्होंने सीखा है कि कोई दूसरा आपका प्रचार नहीं करता, इसलिए खुद अपना प्रचार करना ही बेहतर है। उन्होंने कहा कि लोग आपके बारे में क्या सोचते हैं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप खुद को जनता के सामने कैसे पेश करते हैं।
अपनी गलतियों को स्वीकार करने पर बात करते हुए भोजपुरी स्टार ने कहा कि वह गलतियां करते हैं और उनकी जिम्मेदारी भी लेते हैं। उन्होंने कहा कि वह एक सांसद हो सकते हैं लेकिन भगवान नहीं हैं। युवा पीढ़ी के बीच अपनी लोकप्रियता पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस उम्र में वह जेन जी के बीच इतने लोकप्रिय हो जाएंगे।