RASHTRIX 24X7 NEWS

मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर

बीमारी और काम की कमी से जूझ रहे अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए आगे आए सलमान और सोनू

स्वास्थ्य समस्याओं और काम के अभाव से जूझ रहे अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए सलमान खान और सोनू सूद आगे आए हैं।

गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और काम की कमी के कारण अभिनेता शरद कपूर भारी संकट में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बॉलीवुड के अपने सहकर्मियों से मदद की गुहार लगाई थी और अभिनय में वापसी की इच्छा जताई थी।

इस वीडियो के सामने आने के बाद अभिनेता सलमान खान और सोनू सूद ने शरद की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। सलमान खान ने शरद से संपर्क कर उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का जायजा लिया और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सलमान ने उन्हें आर्थिक रूप से भी सहायता देने का वादा किया है। दूसरी ओर, सोनू सूद ने शरद के पैर की चोट के इलाज की जिम्मेदारी ली है। अभिनेता के इलाज के लिए डॉक्टरों की एक विशेष टीम भेजी गई है जो उनकी सेहत की जांच करेगी।

खबरों के अनुसार, बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय शरद के पैर में गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। इस मुश्किल समय में सलमान और सोनू के सहयोग से अभिनेता को बड़ी राहत मिली है।

काम की गुहार लगाने के बाद शरद को एक हॉलीवुड फिल्म में अभिनय का प्रस्ताव भी मिला है। इस फिल्म की शूटिंग जनवरी से शुरू होने की संभावना है, जिससे हॉलीवुड में उनका पदार्पण होगा।