RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

आईपीएल नीलामी में नहीं शाकिब-मुस्तफिजुर, 1220 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

आईपीएल की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी, जिसमें बांग्लादेश के दो बड़े सितारे शामिल नहीं हैं।

आईपीएल की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित की जाएगी। इस नीलामी के लिए कुल 1,220 क्रिकेटरों ने अपना नाम दर्ज कराया है। इसमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, इस बार की प्रारंभिक सूची में बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी शाकिब अल हसन और मुस्तफिजुर रहमान का नाम नहीं है।

फ्रेंचाइजी इस नीलामी से अधिकतम 66 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकती हैं। इनमें से 25 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। बांग्लादेश से कुल 12 खिलाड़ी नीलामी सूची में हैं। इनमें हसन महमूद, रिशाद हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, तौहीद हृदय और शेख मेहदी हसन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

भारतीय खिलाड़ियों में 184 कैप्ड खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। प्रमुख नामों में आकाश दीप, आवेश खान, दीपक चाहर, दीपक हुड्डा, जयदेव उनादकट, करुण नायर, उमेश यादव और उमरान मलिक शामिल हैं। इसके अलावा अंडर-19 एशिया कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी आर्यवीर सहवाग भी नीलामी का हिस्सा हैं।

विदेशी खिलाड़ियों की सूची में बेन स्टोक्स का नाम चर्चा में है। बीसीसीआई के नियमों के अनुसार, जो विदेशी खिलाड़ी मेगा नीलामी में नहीं होते, उन्हें मिनी नीलामी में भाग लेने की अनुमति नहीं होती है। हालांकि, बोर्ड ने स्टोक्स को विशेष अनुमति दी है। गौरतलब है कि पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बोर्ड ने उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दी थी। उस घटना के बाद इस बार नीलामी में उनका नाम नहीं है।