RASHTRIX 24X7 NEWS

खेल · राष्ट्रिक्स वायर

शोएब अख्तर का बड़ा खुलासा, पाकिस्तान भी बोतल के ढक्कन से करता था बॉल टेम्परिंग

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के खुलासे के बाद शोएब अख्तर ने स्वीकार किया कि पाकिस्तानी टीम भी अतीत में गेंद से छेड़छाड़ करती थी।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा सामने आने के बाद साल २०१८ के बॉल टेम्परिंग विवाद पर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। ख्वाजा ने दावा किया था कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उस मैच की घटना से पूरी टीम अवगत थी। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है।

एक साक्षात्कार में अख्तर ने स्वीकार किया कि अतीत में उनकी टीम भी ऐसी गतिविधियों में शामिल रही है। उन्होंने बताया कि इंग्लैंड में खेलते समय वे लोग सैंडपेपर के बजाय बोतल के ढक्कन का इस्तेमाल करके गेंद की बनावट बदल देते थे। उनके अनुसार, रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए किए जाने वाले इन प्रयासों की जानकारी पूरी टीम को होती थी, क्योंकि बिना सामूहिक सहमति के ऐसा होना संभव नहीं है।

हालांकि, पूर्व तेज गेंदबाज ने इस मुद्दे पर ज्यादा हंगामा न करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि ख्वाजा ने सच सामने लाकर सही काम किया है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अपने पुराने साथियों की गलतियों के बारे में बहुत कुछ जानते हुए भी किसी को मुश्किल में नहीं डालना चाहते हैं।

गौरलतब है कि केप टाउन टेस्ट की उस घटना के बाद स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सजा भुगतनी पड़ी थी। हाल ही में ख्वाजा और बैनक्रॉफ्ट दोनों ने यह दावा किया है कि इस बारे में टीम के सभी सदस्यों को जानकारी थी।