जीवनशैली · राष्ट्रिक्स वायर
बिना अंडे के नरम केक बनाने के आसान उपाय, जानें विकल्प
घर में अंडे न होने पर भी रसोई की कुछ वैकल्पिक सामग्रियों से नरम और स्वादिष्ट केक तैयार किया जा सकता है।
घर पर केक बनाते समय यदि अंडे उपलब्ध न हों, तो चिंता की कोई बात नहीं है। रसोई में मौजूद कुछ सामान्य सामग्रियों की मदद से केक को नरम और स्पंजी बनाया जा सकता है। अंडे के विकल्प के रूप में दही, छाछ, सिरका या पके हुए केले का उपयोग किया जा सकता है। जानकारों के अनुसार, ये सामग्रियां केक की बनावट और स्वाद को बनाए रखने में मदद करती हैं।
अंडे की जगह दही का इस्तेमाल बहुत अच्छा परिणाम देता है। सूखी सामग्री को अच्छी तरह बांधने के लिए एक अंडे के बराबर एक चौथाई कप दही का उपयोग किया जा सकता है। इसी प्रकार, एक अंडे के बदले एक चौथाई कप छाछ ली जा सकती है।
इसके अलावा, बेकिंग सोडा और सिरके को मिलाकर भी केक बनाया जा सकता है। एक अंडे के स्थान पर एक छोटी चम्मच बेकिंग सोडा के साथ एक बड़ी चम्मच सिरका मिलाना चाहिए। सफेद तेल, बेकिंग पाउडर और पानी का मिश्रण भी इस काम आता है। डेढ़ बड़ी चम्मच सफेद तेल में एक छोटी चम्मच बेकिंग पाउडर और डेढ़ बड़ी चम्मच पानी मिलाकर अंडे का विकल्प तैयार किया जा सकता है।
पके केले से भी केक को नरम किया जा सकता है, बशर्ते इसका स्वाद रेसिपी के अनुकूल हो। एक अंडे के बदले एक चौथाई कप मैश किए हुए पके केले का उपयोग किया जा सकता है।