RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की लिव-इन पार्टनर की हत्या, खुद पुलिस को दी सूचना

पुणे के हिंजवड़ी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास बैठा रहा और सुबह खुद पुलिस को फोन किया।

पुणे के हिंजवड़ी इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी लिव-इन पार्टनर की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। यह घटना रविवार देर रात की है। मृतका की पहचान कोमल दहाले के रूप में हुई है और आरोपी का नाम शुभम कालबांडे है। दोनों हिंजवड़ी आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। कोमल विप्रो में और शुभम इंफोसिस में कार्यरत थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पिछले दो-तीन साल से साथ रह रहे थे और उनके परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी थी तथा उनकी शादी की बात चल रही थी। रविवार रात दोनों ने एक होटल में खाना खाया और पीजी लौट आए। रात करीब साढ़े बारह बजे उनके बीच विवाद शुरू हुआ, जो रात करीब साढ़े तीन बजे बढ़ गया।

पुलिस का कहना है कि कोमल को संदेह था कि शुभम का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है, जिसके चलते अक्सर उनके बीच झगड़ा होता था। रविवार रात विवाद बढ़ने पर शुभम ने कोमल की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पूरी रात शव के पास ही बैठा रहा।

सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शुभम ने खुद पुलिस को फोन किया और एम्बुलेंस की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।