RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

एसएससी मामला, गाड़ी में बैठकर ही पार्थ चटर्जी को मिली जमानत

लिफ्ट न होने के कारण अदालत नहीं जा सके पार्थ चटर्जी, गाड़ी से ही वर्चुअल सुनवाई में शामिल होकर पाई जमानत।

पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को एसएससी ग्रुप डी मामले में जमानत मिल गई है। उन्होंने गुरुवार को अलीपुर अदालत में आत्मसमर्पण किया जिसके बाद उन्हें सशर्त जमानत दी गई। शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में आरोपी पार्थ से सीबीआई और ईडी पूछताछ कर रही है।

पर्त्व गुरुवार को आत्मसमर्पण करने के लिए अलीपुर अदालत पहुंचे थे। अदालत की दूसरी मंजिल पर सीबीआई की विशेष अदालत है लेकिन लिफ्ट न होने के कारण वह अपनी गाड़ी से उतरकर ऊपर नहीं जा सके। उनके वकील के अनुरोध पर न्यायाधीश ने वर्चुअल सुनवाई की अनुमति दी।

पार्थ चटर्जी ने गाड़ी में बैठकर ही वर्चुअल सुनवाई में हिस्सा लिया। अदालत ने सात हजार रुपये के बांड और कम से कम छह शर्तों पर उनकी जमानत मंजूर कर ली। भ्रष्टाचार के मामलों में आवश्यक अनुमति मिलने के बाद अन्य आरोपियों की तरह पार्थ को भी इस मामले में राहत मिल गई है।