RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

दिल्ली प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब, भेजा नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने सर्दियों की शुरुआत में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली और आसपास के राज्यों की सरकारों से जवाब तलब किया है।

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर देश की शीर्ष अदालत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने दिल्ली सहित चार राज्यों की सरकारों को नोटिस जारी कर प्रदूषण से निपटने की उनकी योजनाओं के बारे में पूछा है।

अदालत ने स्पष्ट किया कि दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की सरकारों को अगले दो हफ्तों के भीतर इस मामले में अपना जवाब दाखिल करना होगा। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस और नगर निगम से भी हलफनामा मांगा गया है। सुनवाई के दौरान पुराने वाहनों से होने वाले प्रदूषण और दूसरे राज्यों से आने वाले व्यावसायिक वाहनों का मुद्दा भी उठाया गया।

अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि इस बार दिल्ली और आसपास के राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है, जिसकी सराहना की गई। हालांकि, वाहनों से फैलने वाले धुएं को लेकर चिंता जताई गई है। इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 23 नवंबर को होगी।