RASHTRIX 24X7 NEWS

मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर

शूटिंग सेट पर उत्पीड़न का शिकार हुईं स्वरा भास्कर, साझा किया अनुभव

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने एक साक्षात्कार में खुलासा किया है कि करियर की शुरुआत में उन्हें शूटिंग सेट पर उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने खुलासा किया है कि उन्हें अपने करियर की शुरुआत में शूटिंग सेट पर उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। हाल ही में एक साक्षात्कार में उन्होंने इस कड़वे अनुभव को साझा करते हुए बताया कि यह घटना वर्ष २०११ में मध्य प्रदेश में एक फिल्म की आउटडोर शूटिंग के दौरान हुई थी। उस समय वह एक नई अभिनेत्री थीं और उनके पास कोई व्यक्तिगत टीम या इंडस्ट्री में कोई ऐसा परिचित नहीं था जो उनकी मदद कर सके।

अभिनेत्री ने बताया कि आरोपी निर्देशक ने उन्हें शारीरिक रूप से छुआ नहीं था, इसलिए वह शुरुआत में यह समझ नहीं पाईं कि यह कार्यस्थल पर उत्पीड़न का मामला है। बाद में मीटू आंदोलन के दौरान अन्य महिलाओं के अनुभवों को सुनकर उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ भी उत्पीड़न हुआ था।

स्वरा ने बताया कि यह घटना तनु वेड्स मनु फिल्म में काम करने के दौरान घटी थी। उस समय खुद को पूरी तरह असहाय महसूस करने के बाद उन्होंने फिल्म के कार्यकारी निर्माता को पूरी बात बताई थी, जिन्होंने उनकी मदद की और शूटिंग के बाकी दिन आसानी से बीत सके।