दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर
लंदन में नीलाम होगा ताजमहल का मार्बल स्लैब, कीमत ३६ लाख तक संभव
ताजमहल से जुड़ी एक दुर्लभ और प्राचीन मार्बल स्लैब को ९ दिसंबर को लंदन में नीलामी के लिए पेश किया जाएगा।
ब्रिटिश काल के दौरान आगरा के ताजमहल से ले जाया गया एक दुर्लभ मार्बल स्लैब अब लंदन में नीलाम होने जा रहा है। यह नीलामी आगामी ९ दिसंबर को आयोजित होगी। नीलामी करने वाली संस्था 'Lyon & Turnbull' के अनुसार, इस प्राचीन पत्थर की कीमत २०,००० से ३०,००० पाउंड यानी भारतीय मुद्रा में लगभग २४ से ३६ लाख रुपए तक पहुंच सकती है।
ऐतिहासिक जानकारी के अनुसार, ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी कर्नल पाउनल फिप्स ने १८६१ में इस मार्बल पत्थर को प्राप्त किया था। उस समय वह आगरा और उसके आसपास के क्षेत्रों में भवनों की मरम्मत के प्रभारी थे। अधिकारी के परिवार का दावा है कि ताजमहल के नीचे स्थित एक तहखाने से दो मार्बल स्लैब मिले थे, जिनमें से एक को अब नीलाम किया जा रहा है। पिछले दो सौ वर्षों से यह पत्थर इसी परिवार के पास सुरक्षित था।
सफेद रंग के इस मार्बल पत्थर पर फूलों की बारीक नक्काशी की गई है। इसके ऊपर अगेट, जैस्पर और चाल्सेडनी जैसे कीमती पत्थर जड़े हुए हैं, जो पिएत्रा दुरा कला का एक उत्कृष्ट नमूना है। नीलामी संस्था का दावा है कि इस स्लैब के डिजाइन का मिलान ताजमहल के भीतर शाहजहां के मकबरे के ऊपरी हिस्से से होता है।
यह पत्थर ५५.८ सेंटीमीटर लंबा, ४५.२ सेंटीमीटर चौड़ा और ३ सेंटीमीटर मोटा है। इस दुर्लभ वस्तु को खरीदने वाले व्यक्ति को ताजमहल की एक पुरानी श्वेत-श्याम तस्वीर और परिवार से जुड़े कुछ पत्र भी दिए जाएंगे।